नारनौल । राजस्थान में सुखदेव गोगामेड़ी की हत्या करने वाले शूटर नितिन फौजी के साथी कुलदीप ने जेल में खुद का ब्लेड से गला काटकर सुसाइड करने की कोशिश की। नारनौल जेल की बैरक के अंदर खून देख जेल कर्मियों ने तुरंत उसे संभाला और नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर बनी होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। जेल सुपरिंटेंडेंट की तरफ से लोकल पुलिस को भी सूचना दी गई है। घायल कुलदीप को पहले नागरिक अस्पताल और फिर हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।
गोगामेड़ी की हत्या से पहले नितिन फौजी और उसके साथियों पर 9 नवंबर को महेंद्रगढ़ के गांव खुडाना में पुलिस टीम पर फायरिंग का आरोप लगा था। इस केस में महेंद्रगढ़ सदर थाना में FIR नंबर-388 दर्ज हुई। केस में पुलिस ने गांव रिवासा के कुलदीप के अलावा 3 अन्य को गिरफ्तार किया था। ये सभी उस दिन नितिन फौजी के साथ थे।
हालांकि नितिन फौजी पुलिस से बचकर निकल गया और उसने 5 दिसंबर को सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की रोहित गोदारा और वीरेंद्र के इशारे पर गोली मारकर हत्या कर दी। फिलहाल नितिन राजस्थान पुलिस की कस्टडी में है।
सुबह 8 बजे की खुदकुशी की कोशिश
कुलदीप नारनौल की नसीबपुर जेल में बंद था। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे जेल के भीतर ही उसने ब्लेड से गला काटकर आत्महत्या करने की कोशिश की। इसकी जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। जेल कर्मियों ने कुलदीप को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां पर उसकी गंभीर हालत के चलते उसे रेफर कर दिया गया।
जेल SP संजय कुमार ने बताया कि महेंद्रगढ़ थाने में दर्ज एफआईआर नंबर-388 के मुकदमे में बंद बंदी कुलदीप ने सुबह आत्महत्या करने का प्रयास किया था। जिसको समय रहते इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा दिया।