महेंद्रगढ़, कानोड़ न्यूज । जन कल्याण मंच, सनातन धर्म संगठन व भारत विकास परिषद शाखा महेंद्रगढ़ द्वारा आज भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।
तिरंगा यात्रा में रिटायर्ड कर्नल मनीराम साहब देवास, मेजर महावीर प्रसाद पायगा, सूबेदार मेजर महावीर प्रसाद देवास, कैप्टन सुरेश कुमार शर्मा माजरा, मेजर बिशन सिंह महेंद्रगढ़, सूबेदार सुभाष चंद देवास, नायब सूबेदार सरजीत सिंह देवास, हवलदार मनोज कुमार देवास, हवलदार प्रशांत यादव महेंद्रगढ़, हवलदार नवीन तिवाडी महेंद्रगढ़ व हवलदार संजय यादव भगडाणा विशेष रूप से उपस्थित थे।
सेना के उपरोक्त रिटायर्ड ऑफिसर्स ने तिरंगा यात्रा को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम होते रहने चाहिए इससे आम जनता में देशभक्ति का जज्बा पनपता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम में हमारी जब भी जरूरत पड़ेगी हम उपस्थित रहेंगे।
यात्रा कॉलेज मोड़ पुराना नारनौल रोड से शुरु होकर आजाद चौक, सब्जी मंडी, बालाजी चौक, तुलाराम चौक होते हुए अंबेडकर चौक पर समाप्त हुई। तिरंगा यात्रा में आगे आगे मोटरसाइकिल पर तिरंगा लिए हुए सैकड़ों की संख्या में देश के लिए जज्बा रखने वाले महेंद्रगढ़ क्षेत्र के सैकड़ों लोगों का हुजूम था। उनके पीछे खुली गाड़ियों में हमारी सेनाओं के रिटायर्ड ऑफिसर थे। उनके पीछे गाड़ियों और ट्रैक्टर में स्कूलों के छोटे-छोटे बच्चे भारत माता के नारे लगाते हुए पूरे जोश के साथ चल रहे थे। आगे आगे डीजे में देशभक्ति के गीत बज रहे थे। तिरंगा यात्रा शहर में जहां से भी निकल रही थी वहां पर लोगों का जोश और जुनून देखने लायक था।
इस तिरंगा यात्रा में विशेष रूप से यह देखने को मिला कि इसमें दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी तरह की विचारधारा के लोग एक मंच पर एक साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रहे थे और सभी में देश के लिए जोश और जज्बा देखने को मिल रहा था।
कार्यक्रम को पुलिस प्रशासन, महेंद्रगढ़ प्रशासन व नगरपालिका महेंद्रगढ़ का पूरा सहयोग मिला। इस तिरंगा यात्रा में कई कॉचिंग संस्थाओं का भी योगदान रहा। इस कार्यक्रम में सैनी स्कूल के बच्चों का विशेष योगदान रहा।
