चंडीगढ़ । प्रदेश के सरकारी स्कूलों के हालात सुधारने के लिए सरकार ने प्लान तैयार किया है। इसके लिए जल्द 11 हजार टीचर्स की नियमित भर्ती होगी। 9 हजार टीचर्स हरियाणा रोजगार कौशल निगम (एचकेआरएन) के तहत नियुक्त होंगे। स्कूलों में सुविधाएं बढ़ाने के लिए 198 करोड़ रुपए जारी भी कर दिए हैं। शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुर्जर से बातचीत की, जिसमें उन्होंने एक अभियान के तहत उठाए गए मुद्दों में से अधिकतर पर सहमति जताई है।
पढ़िए हमारे विशेष संवाददाता की शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर के साथ बातचीत के मुख्य अंश…
Q. स्कूलों में खाली पड़े शिक्षकों के 35 हजार से ज्यादा पदों को भरने की क्या योजना है?
A. स्कूलों में जल्द ही 11 हजार टीचर रेगुलर और 9 हजार एचकेआरएन के तहत नियुक्त होंगे।
Q. इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी कैसे पूरी करेंगे?
A. स्कूलों में 6 तरह की सुविधाएं बढ़ाने के लिए कह दिया गया है। इनमें पेयजल, शौचालय, चारदीवारी, रास्ता, खेल का मैदान और ड्यूल डेस्क शामिल हैं।
Q. स्कूलों में कमरों की कमी है। कई जगह कमरे जर्जर हालत में हैं, ये कब तक ठीक होंगे?
A. इसके लिए योजना बना ली है। जहां से डिमांड आ रही है, वहां तुरंत कमरे बनाए जा रहे हैं।
Q. शिक्षकों की तबादला नीति बन गई है, ट्रांसफर कब होंगे?
A. जल्द ट्रांसफर शुरू होंगे। रेशनेलाइजेशन के तहत टीचरों को स्कूलों में नियुक्त किया जाएगा।
Q. लेकिन, स्कूलों में किताबें हर साल देरी से पहुंचती हैं?
A. अबकी बार हमने 31 मार्च से पहले किताबें भेज दी थीं।
Q. स्कूलों में सुविधाएं बढ़ाने के लिए कितना बजट है?
A. 2023-24 के लिए स्कूलों में कई सुविधाएं बढ़ाने की योजना है। इसके लिए 280 करोड़ रुपए का बजट है। सेकेंडरी के लिए 170 करोड़ और ऐलिमेंटरी यानी पहली से आठवीं तक के लिए 110 करोड़ रुपए का बजट तय किया है। सेकेंडरी के लिए 120 करोड़ और आठवीं तक के लिए 78 करोड़ रुपए भी जारी कर दिए हैं।
Q. केंद्र सरकार की पीएम श्री स्कूल योजना को लेकर क्या तैयारी है?
A. 124 पीएमश्री स्कूल खोले जाने हैं। इसके लिए 86 करोड़ रुपए की राशि मंजूर हो गई है। इसमें राज्य का शेयर 60% और केंद्र का 40% है।
Q. मॉडल संस्कृति स्कूलों की क्या स्थिति है, क्या ये बढ़ेंगे?
Q. प्रदेश में 139 मॉडल संस्कृति स्कूल खोले गए हैं, इन्हें 500 तक करना है।
Q. विद्यार्थियों को टैब दिए गए थे, कई ने क्रेक करा लिए हैं, क्या करेंगे?
A. जो विद्यार्थी ऐसा करेंगे, उनसे टैब वापस लिए जाएंगे। ऐसे बहुत कम विद्यार्थी हैं। इनके माता-पिता को इस बारे अवगत भी करा दिया गया है।
Q. कुछ स्कूलों में रिजल्ट आशा के अनुरूप नहीं रहा है?
A. ऐसे स्कूलों का डेटा जुटाया गया है। इनके हेडमास्टर या प्रिंसिपल से जवाब भी मांगा है। सुविधा की कमी है, तो उसे दूर करेंगे। अच्छे रिजल्ट के लिए टीचरों को और कड़ी मेहनत करने को कहा गया है।
Q. विपक्ष का आरोप है कि कई स्कूल बंद कर दिए गए हैं?
A. ऐसे स्कूल बंद किए हैं, जिनमें 20 से कम विद्यार्थी थे। बच्चों को सफर कर दूसरे स्कूल जाना पड़ेगा तो हम प्रति किमी. किराया भी देंगे।