हरियाणा में AAP का शपथ ग्रहण समारोह : भगवंत मान बोले- BJP रैली न समझे, यह वॉलंटियर्स की मीटिंग;

  • पंजाब-दिल्ली में पार्टी ने वादे पूरे किए

भिवानी । हरियाणा के भिवानी में सर्कल इंचार्जों के शपथ ग्रहण समारोह में आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक एवं दिल्ली CM अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान पहुंच गए हैं। शपथ ग्रहण समारोह का कार्यक्रम अनाज मंडी में हाे रहा है। काफी संख्या में पदाधिकारी और वर्कर कार्यक्रम में पहुंचे हैं।

भगवंत सिंह मान ने कहा कि भाजपा वाले इसे रैली न समझें, यह तो वॉलंटियर्स की मीटिंग है। उन्होंने दिल्ली और पंजाब में जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा किया है। दोनों राज्यों में बिना बिल के 24 घंटे बिजली आती है। भाजपा की नीयत अच्छी नहीं है, ये लोग देश को लूट कर खा गए। इनकी फैक्ट्री अब 24 घंटे झोले बनाने का काम करती है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 15 लाख और काले धन पर कटाक्ष करते हुए कहा- हर बात जुमला, अब तो चाय बनाने पर भी शक है कि चाय बनानी आती है या नहीं।

मान ने कहा कि हर संस्था बेची जा रही है। सभी एक ही दोस्त को बेच रहे हैं। ये अहंकार में हैं, पब्लिक सब जानती है। जनता ने बड़े बड़ों का अहंकार तोड़ा है। दिल्ली के स्कूलों में अच्छा काम हुआ तो मनीष सिसोदिया को जेल में डाल दिया। ये ऐसे फैसले कर उनकी पार्टी को रोकना चाहते हैं। आम आदमी पार्टी एक दरिया है, दरिया अपना रास्ता खुद बनाता है।

केजरीवाल ने BJP पर साधा निशान
हरियाणा आने से पहले केजरीवाल ने ट्वीट के जरिए भाजपा पर निशाना साधा है। केजरीवाल ने 2 ट्वीट करते हुए लिखा-” देश के लिए क्या जरूरी है? वन नेशन वन इलेक्शन या वन नेशन वन एजुकेशन (अमीर हो या गरीब, सबको एक जैसी अच्छी शिक्षा)।

वन नेशन इन इलाज(अमीर हो या गरीब, सबको एक जैसा अच्छा इलाज)। आम आदमी को वन नेशन वन इलेक्शन से क्या मिलेगा?।

दूसरे ट्वीट में केजरीवाल ने लिखा- बीजेपी का संकल्प- हर जिले में शानदार फाइव स्टार बीजेपी दफ्तर बनाएंगे। हमारा संकल्प- देश के हर गांव, हर मोहल्ले में शानदार स्कूल और मोहल्ला क्लिनिक खोलेंगे।

CM मनोहर लाल को भी घेरा
केजरीवाल ने CM मनोहर लाल खट्‌टर को भी घेरा। केजरीवाल ने लिखा- खट्टर साहब। हम दिल्ली में फ़्री और विश्व स्तरीय शिक्षा देते हैं, फ़्री और विश्वस्तरीय इलाज देते हैं। फ़्री और 24 घंटे बिजली देते हैं, पानी देते हैं। पंजाब में भी हमने ये सब काम शुरू कर दिए हैं। और जनता इन सुविधाओं से बहुत खुश है। जल्द ही हरियाणा के लोगों को भी इसका फ़ायदा मिलेगा।

खट्‌टर के इस बयान पर घेरा
CM मनोहर लाल खट्‌टर ने कल बयान देते कहा था- बहुत सी ऐसी पार्टियां हैं जो नारे लगाती हैं कि ये मुफ्त लो, वो मुफ्त लो…मुफ्त की आदत लगाने की बजाय हमारी सरकार की प्राथमिकता है कि काम करने वाले व्यक्ति की आवश्यकताओं को पूरा करके उसके हुनर को निखार कर उसका विकास किया जाए।

AAP नेता बोले- 1400 से अधिक सर्कल इंचार्ज शपथ लेंगे
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय परिषद के सदस्य व प्रदेश के संयुक्त सह सचिव पवन हिंदुस्तानी ने रैली स्थल का दौरा कर बताया कि समारोह को लेकर कार्यकर्ताओं ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम स्थल पर 5 से 6 हजार कुर्सियां लगाई गई हैं। समारोह प्रदेश के 1400 से अधिक सर्कल इंचार्ज एक साथ शपथ लेंगे।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल।

4 हजार पदाधिकारी कार्यक्रम में पहुंचेंगे
इनके अलावा राज्य कार्यकारिणी व जिला कार्यकारिणी सहित कुल 4 हजार पदाधिकारी कार्यक्रम में पहुंचेंगे। ये चार हजार पदाधिकारी आने वाले समय में प्रदेश में एक लाख कार्यकर्ताओं की टीम हर विधानसभा स्तर पर वार्ड वाइज तैयार करेंगे, जो 2024 के चुनाव में पार्टी को जितवाने का काम करेगी।

कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई कुर्सियां।

कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई कुर्सियां।

कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी की
उन्होंने कहा कि 3 दिन के छोटे से नोटिस पर पार्टी ने भिवानी में इस कार्यक्रम को बनाया है। इसके लिए समारोह स्थल के मुख्य मंच सहित विभिन्न तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश में आम आदमी पार्टी का ही जलवा है कि हरियाणा प्रदेश में मूलभूत सुविधाएं व विकास के मुद्दे पर विभिन्न पार्टियां आज बात करती हैं। यह आम आदमी पार्टी की ही देन है।

शपथ ग्रहण समारोह को लेकर जानकारी देते AAP के नेता।

शपथ ग्रहण समारोह को लेकर जानकारी देते AAP के नेता।

शपथ ग्रहण समारोह को लेकर उत्साह
इस मौके पर पूर्व जिला अध्यक्ष दलजीत तालु ने कहा कि आम आदमी पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों में आज के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर उत्साह है। इसके लिए पीने के पानी, स्टेज व आए हुए लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था कर दी गई हैं।

Leave a Reply