पसंद नहीं आया शादी में लगा टेंट, बिगड़ी बात तो थाने पहुंची बारात

  • दूल्हे ने कहा हमारे स्तर का नहीं है इंतजाम, बैंकट हॉल में करवाओ
  • इसी बात पर हुआ विवाद पहुंच गया पुलिस थाने
  • पंद्रह घंटे बाद भी नहीं सुलझ पाया विवाद

बहादुरगढ़, कानोड़ न्यूज । शहर के लाईनपार क्षेत्र में आयोजित एक विवाह समारोह में दूल्हा और दुल्हन पक्ष में विवाद हो गया। लड़के वालों ने बारात की आवभगत बढिय़ा न होने का उलाहना दिया तो बात बढ़ गई और पुलिस तक पहुंच गई। लड़की पक्ष ने पुलिस बुला ली। पुलिस लड़के और उसके परिजनों को थाने ले गई। करीब 15 घंटे बाद भी मामला नहीं सुलझ पाया।

यह भी पढ़े : गऊशाला की फर्जी रसीद छपवाकर गऊओं के लिए चंदा एकत्रित करने वालों को ग्रामीणों ने धर दबोचा
दरअसल, बिहार मूल के एक व्यक्ति अपने परिवार सहित बहादुरगढ़ के लाईनपार क्षेत्र में रहते हैं। उन्होंने अपनी बेटी का रिश्ता दिल्ली के द्वारका क्षेत्र निवासी के बेटे के साथ किया था। गत 3 जुलाई को टीके की रस्म पूरी हुई और गुरुवार को शादी थी। दिल्ली से रात करीब 11 बजे बारात आई। करीब डेढ़ बजे जयमाला की रस्म पूरी हुई। इसके बाद वर पक्ष के लोग भोजन कर रहे थे तो दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
दुल्हन के पिता ने बताया कि उन्होंने बेटी की शादी में अपनी सामथ्र्य से अधिक खर्च किया था। अच्छा टेंट लगवाया और 600 लोगों के लिए खाने-पीने का इंतजाम किया। लेकिन दूल्हा टेंट को देख भड़क गया।

उसने कहा कि मैंने आठ हजार रुपये का तो सूट पहन रखा है, लेकिन तुम्हारा टेंट 800 रुपये का भी नहीं है। लड़के ने उसी वक्त शादी का बाकी कार्यक्रम बैंकट हॉल में करवाने की मांग की। लड़की के पिता ने लड़का पक्ष पर पांच लाख रुपये दहेज मांगने का भी आरोप लगाया।


इस पर दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया। मारपीट भी होने लगी। तब लड़की पक्ष ने फोन करके पुलिस बुला ली। झगड़ा करीब चार बजे तक चलता रहा। लाईनपार थाना से पहुंची पुलिस दूल्हे, उसके पिता और अन्य परिजनों को थाने ले आई। लड़की के चाचा का कहना है कि दूल्हे ने उन पर और दुल्हन की मां पर हमला किया।


लड़की के पिता का कहना है कि समाज में उनके सम्मान को ठेस पहुंची है और आर्थिक नुकसान हुआ है। लड़के पक्ष को इसकी भरपाई करनी होगी। मामले के जांच अधिकारी एएसआई राजेंद्र ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता करवाने की कोशिश की गई लेकिन शुक्रवार शाम तक समझौता नहीं हो पाया।

Leave a Reply

Show Buttons
Hide Buttons
error: Content is protected !!