रेवाड़ी । झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर युवक को करीब डेढ़ साल ब्लैकमेल कर रही एक महिला को साढ़े 3 लाख रुपए लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला के खिलाफ रामपुरा थाने में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने एक योजना के तहत युवक को उसके पास पैसे लेकर भेजा था, जिसके बाद पैसों की डिमांड करने वाली महिला पुलिस के चंगुल में फंस गई।
पुलिस को दर्ज शिकायत में मयूर विहार निवासी सुनील ने बताया कि उसने करीब तीन साल पहले पपीता नाम की लड़की के साथ जान-पहचान होने के बाद किराए पर कमरा दिलाया था। उसका पतीती के कमरे पर आना-जाना रहता था। इसके बाद राधाकृष्ण कॉलोनी निवासी उषा भी पपीता के साथ उसके कमरे पर रहने लग गई। इस दौरान उसने दोनों की कई बार आर्थिक मदद भी की।
सुनील ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले उषा दिल्ली जाकर रहने लगी तथा पपीता ने पॉर्लर कर लिया। इसके बाद उषा उसे झूठे केस में फंसाकर पैसे ऐंठने लगी। झूठे केस में फंसाने का दबाव बनाते हुए वह उससे लगभग 3 लाख रुपए वसूल चुकी है। अब वह साढ़े 3 लाख रुपए की मांग कर रही है। उषा ने उसे व्हाट्स एप चेट व आॅडियो रिकॉडिंग भेजकर पैसे की मांग की। पैसे नहीं देने पर उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। उसने थाना रामपुरा पुलिस को व्हाट्स एप चेट और आॅडियो रिर्काडिंग उपलब्ध कराई, तो पुलिस हरकत में आ गई।
रेडिंग पार्टी तैयार कर दबोची आरोपी
पुलिस ने सुनील की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एक रेडिंग पार्टी तैयार की। सुनील 500 रुपए के नोटों की सात गड्डियां लेकर पुलिस के पास पहुंचा। पुलिस ने नोटों के नंबर रिकॉर्ड में दर्ज करते हुए सुनील को महिला तक नकदी पहुंचाने को कहा। सुनील ने महिला को राधाकृष्ण मंदिर के पास बुला लिया। जैसे ही उसने उषा को साढ़े तीन लाख रुपए थमाए, पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।