Govardhan Puja 2023 Date: कब मनाया जाएगा गोवर्धन पूजा पर्व? जानिए तिथि, शुभ मुहूर्त और पूजा विधि

Govardhan Puja 2023 Date And Shubh Muhurat: कार्तिक मास में भगवान विष्णु और भगवान श्री कृष्ण की पूजा का विशेष महत्व है. बता दें कि इसी माह में गोवर्धन पूजा का भी विधान है. वैदिक पंचांग के अनुसार, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि के दिन गोवर्ध पूजा पर्व मनाया जाता है. इस विशेष दिन पर घर में गाय के गोबर से भगवान गोवर्धन बनाया जाता है. यह पर्व विशेष रूप से भगवान श्री कृष्ण और गौ माता की उपासना के लिए समर्पित है. इसी दिन भगवान श्री कृष्ण ने देवराज इंद्र के घमंड को चूर किया था और गोवर्धन पर्वत को अपनी छोटी उंगली पर उठा दिया था. जिस वजह से इस दिन भगवान विष्णु के स्वरूप भगवान श्री कृष्ण की उपासना की जाती है. आइए जानते हैं, कब मनाया जाएगा गोवर्धन पूजा पर्व, शुभ मुहूर्त और पूजा विधि?

गोवर्धन पूजा 2023 तिथि (Govardhan Puja 2023 Date)

वैदिक पंचांग के अनुसार, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि 13 नवंबर दोपहर 02:56 से शुरू होगी और इस तिथि का समापन 14 नवंबर दोपहर 02:36 पर होगा. उदया तिथि के अनुसार, गोवर्धन पूजा पर्व 14 नवंबर 2023, मंगलवार के दिन मनाया जाएगा.

गोवर्धन पूजा 2023 मुहूर्त (Govardhan Puja 2023 Shubh Muhurat)

पंचांग में बताया गया है कि गोवर्धन पूजा का मुहूर्त प्रातः काल 06:43 से सुबह 08:52 तक रहेगा. इसी अवधि में भगवान श्री कृष्णा और गोवर्धन भगवान की उपासना की जाएगी. इस विशेष दिन पर शोभन योग का निर्माण हो रहा है जो दोपहर 01:57 तक रहेगा. मान्यता है कि इस शुभ मुहूर्त में पूजा-पाठ करने से व्यक्ति को विशेष लाभ प्राप्त होता है.

गोवर्धन पूजा विधि (Govardhan Puja Vidhi)

गोवर्धन पूजा पर सुबह जल्दी उठकर स्नान-ध्यान करें और पूजा-पाठ अवश्य करें. इसके बाद गोबर से गोवर्धन भगवान बनाएं और उन्हें घर के ईशान कोण में स्थापित करें. ऐसा करने के बाद उनको धूप, दीप, गंध, पुष्प इत्यादि अर्पित करें. गोवर्धन भगवान को हल्दी, कुमकुम भी अर्पित करें. फिर भगवान श्री कृष्ण के मंत्रों का जाप करें और गोवर्धन भगवान की सात बार परिक्रमा अवश्य करें. इस विशेष दिन पर गाय की सेवा करने का भी विधान है, ऐसा करने से घर में सुख-समृद्धि आती है और मां लक्ष्मी प्रसन्न रहती हैं.

डिस्क्लेमर: यहां दी गई सभी जानकारियां सामाजिक और धार्मिक आस्थाओं पर आधारित हैं. kanodnews.in इसकी पुष्टि नहीं करता. इसके लिए किसी एक्सपर्ट की सलाह अवश्य लें.

Leave a Reply

Show Buttons
Hide Buttons
error: Content is protected !!