महेंद्रगढ़। करीब ढाई करोड़ रुपये की फाइल डीएमसी के हस्ताक्षर नहीं होने के कारण शहर में डोर टू डोर कचरा कलेक्शन व कचरा उठान के टेंडर नहीं हुआ है, जिससे शहर में नियमित रूप से कूड़े का उठान नहीं हो पाया है। एडीसी वैशाली सिंह ने कुछ दिनों पहले डीएमसी का चार्ज संभाला है। डीएमसी के हस्ताक्षर के बाद कचरा कलेक्शन के टेंडर को अप्रूवल मिलेगी। मोदाश्रम स्थित कचरा निस्तारण केंद्र में कचरा डालने की जगह नहीं बचने से नगर पालिका के वाहन केंद्र के बाहर खड़े रहते हैं।
बता दें कि नगर पालिका की ओर से शहर में सभी वार्डों में डोर टू डोर कचरा कलेक्शन का टेंडर एक निजी कंपनी को दिया हुआ था। वाहनों के माध्यम से शहर से निकलने वाले कचरे को शहर के देवास रोड स्थित डपिंग यार्ड में एकत्रित किया जाता है। निजी कंपनी के टेंडर की समयावधि 31 अप्रैल को समाप्त हो चुकी है। टेंडर की समयावधि समाप्त होने के कारण शहर के विभिन्न मोहल्लों से नियमित कूड़े उठान नहीं हो पा रहा है। आए दिन शहर के लोग नगर पालिका में कचरा कलेक्शन के वाहन नहीं पहुंचने की शिकायत लेकर आ रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद अगले दिन उस मोहल्ले में वाहन कचरा उठने के लिए पहुंच जाते हैं, लेकिन अगली बार वाहन को कचरा उठान के लिए पहुंचने में पांच से छह दिन का समय लग जाता हैं।
शहर से निकलता है प्रतिदिन 12 टन कचरा
महेंद्रगढ़ शहर में 15 वार्ड हैं। 11 वाहनों के माध्यम से पूरे शहर से डोर टू डोर कूड़ा कचरा एकत्रित करना होता है। इनमें से नगर पालिका के पास दो ट्रेक्टर व पांच टैंपों है। शहर प्रतिदिन करीब 12 टन गीला व सूखा कचरा निकलता हैं। शहर से निकलने वाले कचरे को देवास रोड स्थित डपिंग यार्ड में एकत्रित किया जाता है, लेकिन जिस कंपनी डोर टू डोर कचरा एकत्रित करने का टेंडर दिया गया था, उसकी समयावधि पूरी हो चुकी हैं। ऐसे शहर में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। नगर पालिका की ओर से जिस कंपनी कूडे़ उठान का टेंडर दिया हुआ था उसके द्वारा शहर से निकलने वाले का डंपिग यार्ड में रिसाइकिल के लिए प्लांट लगाया हुआ था। इस प्लांट में प्रतिदिन करीब 15 टन कचरा रिसाइकिल किया जाता था। प्लांट में शहर से निकलने वाले कचरे से पॉलिथीन, प्लास्टिक व अन्य सामान अलग-अलग किए जाते थे। कचरे का अलग-अलग करने के बाद वाहनों के माध्यम से गन्नौर भेजा जाएगा। गन्नौर में शहर के कचरे को डंप किया जाता था। लेकिन अब डंपिग यार्ड कूड़े के बडे- बडे ढ़ेर लगे हुए हैं। बरसात का मौसम होने के कारण डपिंग में फैले कचरे से आने वाली दुर्गध से काफी परेशानी उठानी पड़ती हैं।
शहर में कचरा एकत्रित करना बना चुनौती
महेंद्रगढ़ शहर में 15 वार्ड है। पिछले वर्ष ठेकेदार के छह व पांच नगर पालिका के टैंपों में माध्यम से शहर में डोर टू डोर कचरा कलेक्शन किया जाता था। निजी कंपनी का टेंडर समाप्त होने के बाद अब केवल पांच नगर पालिका के वाहनों से शहर में सभी वार्डो में डोर टू डोर कचरा एकत्रित करना चुनौती बना हुआ है। सभी शहरवासी चाहते है कि सबसे पहले उनकी गली में गाड़ी कचरा एकत्रित करने केे लिए पहुंचे। वर्तमान में नगर पालिका को डोर टू डोर कचरा कलेक्शन के लिए 10 वाहनों की आवश्यकता हैं।
एडीसी वैशाली सिंह ने कुछ दिन पहले डीएमसी का चार्ज संभाला है। डीएमसी से जल्द मुलाकात करके फाइल पर हस्ताक्षर करवाएं जाएंगे, ताकि शहर में कूडे़ का नियमित उठान हो सकें।
रमेश सैनी, प्रधान नगर पालिका, महेंद्रगढ़।