मायके आकर सहेली के साथ बाजार गई नई नवेली दुल्हन हुई लापता, 15 दिन पहले हुई शादी

रेवाड़ी । रेवाड़ी जिले में एक नई-नवेली दुल्हन संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। दुल्हन अपने मायके आई हुई थी और सहेली के साथ बाजार गई हुई थी। इसके बाद वापस घर नहीं लौटी। परिजनों ने कोसली थाना पुलिस को शिकायत देकर केस दर्ज कराया है। पुलिस ने विवाहिता की तलाश शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, कोसली कस्बा के एक गांव निवासी रजनेश (23) की पिछले महीने 29 नवंबर को महेंद्रगढ़ जिले के एक गांव निवासी युवक के साथ शादी हुई थी। 13 दिसंबर को लड़की अपने मायके कोसली कस्बा में आई थी। गुरुवार को वह घर से मार्केट में अपने कपड़ों की सिलाई का हिसाब करने की बात कहकर निकली थी।

दोपहर तक वापस नहीं आई तो लड़की की मां ने उसके मोबाइल नंबर पर कॉल कर बात की। तब लड़की ने बताया कि वह कोसली मार्केट में अपने सहेली के साथ आई हुई है। कुछ देर बाद वापस घर आ जाएगी। लेकिन देर शाम तक घर नहीं आई तो परिजनों ने फिर से उसके मोबाइल नंबर पर कॉल की। लेकिन इस बार उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला।

परिजनों ने रात तक उसकी तलाश की। लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। इसके बाद कोसली थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने तुरंत लड़की की गुमशुदगी का मामला दर्ज किया। इसके साथ ही उसकी तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल लड़की का मोबाइल फोन स्विच ऑफ है। पुलिस टीम लड़की की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply