नारनौल । नारनौल में शहर के साथ लगते हुए रघुनाथपुरा गांव के जोहड़ (तालाब) से पुलिस ने एक 82 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद किया है। व्यक्ति 11 दिसंबर से घर से लापता था। पुलिस ने इत्तेफाकिया कार्रवाई करते हुए शव का नागरिक अस्पताल से पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
मृतक की पहचान सरदार सिंह (82) के रूप में हुई है। वह 11 दिसंबर से अपने घर से लापता था। सरदार सिंह के परिजनों ने उसकी कई जगह तलाश की, लेकिन वह कहीं नहीं मिला। इसके बारे में उन्होंने पुलिस में भी सूचना दी थी। शुक्रवार शाम को ग्रामीणों ने उसके घर के पास ही जोहड़ में सरदार सिंह का शव तैरते हुए देखा। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना उनके परिजनों को दी। परिजनों ने यह जानकारी पुलिस में दी।
जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को जोहड़ से निकलवाया। परिजनों का कहना है कि जोहड़ के पास ही उनका घर बना हुआ है। ऐसे में वृद्ध व्यक्ति के उसमें गिरने की संभावना है।